नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने हाल ही में कोलकाता में हुए एक भयावह रेप और हत्या मामले पर दुख और गुस्सा व्यक्त किया है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर की रेस के बाद हत्या कर दी गई थी। यह घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया और एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लगे। हरभजन सिंह ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ऐसे जघन्य अपराधों के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की है। भज्जी आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद भी हैं।
पीड़ता पर क्या बोले हरभजन?
भारत में महिलाओं के खिलाफ अपराध कोई नई बात नहीं है। दुर्भाग्य से बलात्कार के मामले देश में एक भयावह वास्तविकता बन गए हैं, जिससे हर तबके के लोग भयभीत और आक्रोशित हैं। भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े गेंदबाजों में शामिल हरभजन सिंह ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा- पीड़िता भी हमारी बेटी थी।’
एनबीटी ऑनलाइन से बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा, ‘महिला सुरक्षा हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसके लिए एक कानून होना चाहिए और इस पर संसद में भी चर्चा होगी। मुझे लगता है कि इस पर एक कानून पारित किया जाना चाहिए, क्योंकि अगर ऐसी घटनाएं होती रहेंगी तो हम कैसे कह सकते हैं कि हमारा देश हमारी माताओं और बहनों के लिए सुरक्षित है?’
भज्जी ने की कानून बनाने का मांग
हरभजन सिंह ने इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिए जाने का भी विरोध किया और कहा कि इसे एक मानवीय मुद्दे के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘ इसलिए इसे बहुत गंभीरता से लिया जाना चाहिए और इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। सभी को मिलकर इस पर कानून बनाना चाहिए जो बहुत सख्त हो ताकि कोई भी दरिंदा ऐसा कृत्य करने से पहले हजार बार सोचे।’