अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव सिरसा खुमार में लगातार बारिश की वजह से एक गरीब किसान का मकान गिर गया। साथ ही मलबे के नीचे दबकर 8 साल के मासूम और महिला की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में बच्चों सहित परिवार के 11 लोग भी घायल हो गए। 1 की हालत गंभीर है।
.
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी को मलबे के नीचे से निकाला और अस्पताल ले गए। फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवार के 11 लोग हुए घायल
दरअसल यह हादसा अमरोहा के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सिरसा खुमार में मंगलवार सुबह हुआ। गांव में किसान लईक का परिवार रहता है। कई दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण सुबह किसान की छत और दीवार गिर गई।
जब यह हादसा हुआ, उस वक्त परिवार के लोग घर में ही थे। मकान गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। परिवार के सभी लोगों को मलबे के नीचे से निकाला।
हादसे के बाद गांव पहुंचे अधिकारी, जांच पड़ताल शुरू
बताया जा रहा है कि इस हादसे में परिवार के 11 लोग मलबे में दब कर घायल हो गए। जबकि इस हादसे में आठ वर्षीय मासूम बच्चे मोहम्मद हसनैन और महिला की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। हालांकि उसे अस्पताल ले जाया गया था।
इसके साथ ही एक बच्चे की और हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद अमरोहा देहात थाना पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच कर वैधानिक कार्रवाई में जुटे हैं।