नई दिल्ली: अभी नवरात्रे की शुरुआत भी नहीं हुई है। और लोगों को झटका मिल गया। आज यानी एक अक्टूबर 2024 से (October 2024) सरकारी ऑयल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया। यह इजाफा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, जिसे लोग हलवाई भट्ठी का भी सिलेंडर कहते हैं, के दाम में हुआ है।
क्या हो गया रेट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1691.50 रुपये से बढ़कर 1740 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। मतलब कि यह कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हो गया है। इस सिलेंडर का उपयोग ज्यादातर हलवाई या सड़क किनारे रेहड़ी पर पकौड़े तलने वाले या छोले-भठूरे बेचने वाले करते हैं। देश की सबसे बड़ी सरकारी ऑयल कंपनी IOCL की वेबसाइट के मुताबिक आज 1 अक्टूबर 2024 से ने रेट्स लागू हो गए हैं।
अन्य महानगरों में क्या भाव
आज से कोलकाता में काॅमर्शियल गैस सिलेंडर 1850.50 रुपये में मिलेगा जो पहले 1802 रुपए में मिल रहा था। मुंबई में यह सिलेंडर 1692.50 रुपये में मिलेाग जो पहले 1644 रुपये में मिल रहा था। चेन्नई में सिलेंडर 1903 रुपये में मिलेगा जो पहले 1855 रुपए का था।
हर महीने होता है बदलाव
ऑयल कंपनियां हर महीने की पहली तरीख को LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव करती हैं। यह बदलाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योकि आगामी गुरुवार यानी तीन अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो रही है। इसके 10 दिन बाद ही दशहरा होगा। इसके 15 दिन बाद दिवाली और छह दिन बाद छठ जैसे बड़े त्योहार आ रहे हैं। इससे पहले ही गैस सिलेंडर का महंगा होना लोगों को परेशान कर सकता है।
रसोई गैस का क्या दाम
सरकारी ऑयल कंपनियों ने 14 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर जिसे आम भाषा में रसोई गैस कहते हैं, के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है। यह आज भी दिल्ली में 803 रुपये का मिल रहा है।