नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए एग्जिट पोल के नतीजे जारी हो गए हैं। इन नतीजों के मुताबिक, देश में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनती हुई नजर आ आ रही है। हालांकि, चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अबकी बार 400 पार का जो नारा दिया था, एग्जिट पोल के आंकड़े उससे दूर हैं। वहीं, एग्जिट पोल से ठीक पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इंडिया गठबंधन के 295 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया। विपक्षी गठबंधन को लीड करने वाले कांग्रेस ने सबसे ज्यादा जोर दक्षिण के तीन राज्यों पर लगाया था। इन राज्यों को लेकर माना जा रहा था कि एनडीए को यहां भारी नुकसान हो सकता है। अब एग्जिट पोल के नतीजों ने अलग ही कहानी बता दी है।
कर्नाटक में क्या चला मोदी का करिश्मा?
दक्षिण के इन तीन राज्यों में सबसे पहला नंबर है कर्नाटक का। यहां हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। पार्टी के दिग्गज नेता और प्रदेश के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने दावा किया था कि कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों में से 20 से ज्यादा सीटें कांग्रेस जीतेगी। लेकिन, एग्जिट पोल के आंकड़े उनके दावे से अलग है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल नतीजों के मुताबिक, कर्नाटक में इंडिया गठबंधन को 41 फीसदी वोट शेयर के साथ महज 3-5 सीटें ही मिलती हुई दिख रही हैं। वहीं, एनडीए यहां 55 फीसदी वोट शेयर हासिल करते हुए 20 से 22 सीटें जीत सकता है।
तेलंगाना में एनडीए को कितनी सीटें
एनडीए के लिए चुनौती वाला दूसरा राज्य था तेलंगाना। यहां भी हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीआरएस को राज्य की सत्ता से बाहर करते हुए कांग्रेस ने सरकार बनाई है। प्रदेश के सीएम रेवंत रेड्डी के भरोसे कांग्रेस को यहां जबरदस्त बढ़त मिलने का भरोसा था। हालांकि, एनडीए ने तेलंगाना में भी कांग्रेस को जबरदस्त चुनौती दी है। एबीपी सी वोटर एग्जिट पोल के मुताबिक, तेलंगाना की 17 सीटों में से एनडीए 7 से 9 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। वहीं, कांग्रेस के हिस्से में भी 7-9 सीटें ही जाती हुई दिख रही हैं।
तमिलनाडु में भी एनडीए का क्या हाल?
तमिलनाडु में एनडीए के लिए इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के नतीजे चौंकाने वाले हैं। उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म वाले बयान पर मचे विवाद के बाद तमिलनाडु की राजनीति गर्मा गई थी। विवाद के बीच विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को तमिलनाडु में 46 फीसदी वोट शेयर ही मिलने का अनुमान है। वहीं, एनडीए के खाते में 22 फीसदी वोट शेयर जा सकता है। 39 लोकसभा सीटों वाले तमिलनाडु में इंडिया गठबंधन 33 से 37 सीटों पर जीत दर्ज करता हुआ नजर आ रहा है। एनडीए को यहां 2 से 4 सीटें मिल सकती हैं