अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र में दबंगों से परेशान होकर एक परिवार पलायन करने को मजबूर हो गया है। उसने अपने फार्म और मकान पर पलायन की सूचना लगा दी है और आरोपियों के नाम भी लिख दिए हैं।
.
पीड़ित ने पलायन की सूचना में आरोपियों का नाम लिखते हुए कहा है कि वह इन लोगों से परेशान है। इसलिए वह अपनी चल अचल संपत्ति बेंचना चाहता है। जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ गांव से पलायन कर जाएगा। वहीं अब पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पत्नी और मां से मारपीट करने का लगाया आरोप
जवां के गांव बहादुरपुर निवासी अर्जुन सिंह गांव में मुर्गी फार्म चलाते हैं। यह फार्म उनके पास किराए पर है। उन्होंने गांव के दबंगों पर आए दिन मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उनके मुर्गी फार्म पर आकर उनकी पत्नी और मां से भी मारपीट की।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी लगातार उससे अभद्रता करते रहते थे। 23 फरवरी को गांव के ही सचिन, प्रेमपाल, अंकुश, तेजवीर और पंकज उनके फार्म पर आ गए। उस समय उसकी पत्नी चंद्रकला देवी और मां सर्वेश फार्म पर थी। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ तोड़फोड़ भी की। उन्होंने थाने में मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
रुपए और किराए के लेनदेन का विवाद
पुलिस ने बताया कि अर्जुन सिंह और आरोपियों के बीच किराए और लेनदेन का विवाद है। अर्जुन सिंह जिस जमीन पर मुर्गी फार्म चलाते हैं, वह आरोपियों की है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अर्जुन ने लंबे समय से इस जमीन का किराया नहीं दिया है।
वहीं अर्जुन सिंह का कहना है कि आरोपियों ने वर्ष 2011 में उसके पिता से 1.50 लाख रुपए उधार लिए थे, जो अभी तक वापस नहीं किए हैं। इसलिए वह फार्म हाउस खाली नहीं कर रहा है। अब आरोपी उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गए हैं। वहीं पुलिस अब दोनों पक्षों के दावों की जांच करने में जुटी है।
जवां थाना प्रभारी हेमेंद्र मावी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।