नीमच में शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार को जिले में सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जिसके दोपहर तक छंटने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
.
कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग दिन में भी घरों के बाहर अलाव जला रहे हैं, जबकि घरों के अंदर हीटर और सिगड़ी का सहारा ले रहे हैं। लगातार गिरते तापमान के कारण स्कूली बच्चे भी स्कूल जाने से कतरा रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और बर्फीली हवाओं के कारण आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। दिन के समय हल्की धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। मौसम विभाग ने पूरे जनवरी महीने में कड़ाके की सर्दी की भविष्यवाणी की है। कोहरे का असर भी लगातार बना रहेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।


