चित्रकूट के रसिन गांव के पास सुदिनपुर हाईवे पर निर्माणाधीन आइस प्लांट में शनिवार आधी रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। करीब आधा दर्जन बदमाशों ने प्लांट में सो रहे मजदूरों और चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपए का सामान लूट लिया। मामले को लेकर प्लांट मालिक क
.
अब आइए जानते हैं पूरा मामला…
प्लांट मालिक संजय पांडेय ने बताया कि प्लांट में लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है। सुरक्षा के लिए सुदिनपुर निवासी चौकीदार रामखेलावन वर्मा और मथुरा के छह मजदूर वहां काम कर रहे थे। शुक्रवार शाम तीन मजदूर कानपुर चले गए थे, जबकि अर्जुन, महेंद्र और फूल सिंह देर रात प्लांट लौट आए थे।
रात करीब 12 बजे बदमाशों ने प्लांट की बिजली काट दी। सबसे पहले चौकीदार रामखेलावन को बंधक बनाया। महेंद्र टॉयलेट के लिए बाहर निकला, तो बदमाशों ने उसे भी दबोच लिया। इसके बाद अन्य मजदूरों को रस्सियों से बांधकर धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो जान से हाथ धो बैठोगे।

डकैतों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर लगभग 7 लाख रुपए का सामान लूट लिया। इसमें 250 केवी का ट्रांसफॉर्मर, 16 सीलिंग फैन, 100 डिप लाइट, 10 बंडल तार, वेल्डिंग मशीन, गैस कटर, समरसेबल पंप, टूल बॉक्स, दो गैस चूल्हे और मजदूरों के नकद रुपए शामिल थे। इस दौरान डकैत ट्रांसफॉर्मर तोड़कर उसके पार्ट्स भी निकाल ले गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह और पीआरवी 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा, “मामला गंभीर है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।” प्लांट मालिक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि हाल ही में प्लांट के लिए दो लाख रुपए का नया सामान मंगवाया गया था, जिसे डकैत उठा ले गए।