लखनऊ व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया है कि मंगलवार की आधिकारिक बंदी के बारे में कोई सूचना नहीं है। व्यापारी अपनी नियमित गतिविधियों को जारी रखेंगे। व्यापार मंडल ने अपनी बैठक के बाद यह निर्णय लिया कि लखनऊ के सभी बाजार रोज की तरह खुले रहेंगे।
.
लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन कुमार मनोचा ने बताया कि कुछ संगठनों द्वारा लखनऊ बंदी की बात कही जा रही थी। इसकी लखनऊ व्यापार मंडल ने कड़ी आलोचना की है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों का उत्पीड़न लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर जीएसटी विभाग और फैक्ट्रियों के सामने कैमरे और चौकियां बनाने की योजना को लेकर कोई बोलने वाला नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय व्यापारी बंदी की बात नहीं करेंगे क्योंकि यह समय राजनीति चमकाने का नहीं बल्कि समस्या समाधान का है।
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता और महामंत्री पवन मनोचा सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों की टेलीफोनिक वार्ता के दौरान यह फैसला लिया। उन्होंने बताया कि कल व्यापार बंद नहीं होगा और बाजार सामान्य रूप से खुलेंगे।
इसके साथ ही लखनऊ व्यापार मंडल ने बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ विरोध मार्च में भाग लेने का भी निर्णय लिया है। मंडल ने बांग्लादेश के खिलाफ अपनी आवाज उठाने और वहां हो रही क्रूरता का विरोध करते हुए एक पुतला फूंकने की योजना बनाई है।
व्यापार मंडल आमने – सामने
बाग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने आधे दिन तक दुकानों को बंद रखने का आह्वान किया है। इस आह्वान के विरोध में लखनऊ व्यापार मंडल ने व्यापारियों से रोज की तरह दुकानें खुली रखने का आह्वान किया है। उधर आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने भी इस आंदोलन में शामिल न होने की बात कही। उधर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश सोनी ने भी बंदी में शामिल होने से मना किया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर उत्पीड़न के विरोध में पुतला दहन किया जाएगा।